Saturday, 21 November 2009

उत्पाद पुलिस की पिटाई से युवक मरा

Nov 21, 07:14 pm

मदनपुर (औरंगाबाद) । गुरुवार को उत्पाद पुलिस की पिटाई से घायल मदनपुर थाना के खिरियावां निवासी कुलदीप चौधरी की शुक्रवार की रात अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत से उग्र हुए ग्रामीणों ने शनिवार सुबह जीटी रोड जाम कर प्रदर्शन किया। तीन घंटे तक जीटी रोड जाम रही जिस कारण यात्री एवं ट्रक चालक हलकान रहे। उग्र ग्रामीण उत्पाद निरीक्षक कामेश्वर सिंह व उनके छापामारी दल पर प्राथमिकी दर्ज किए जाने की मांग कर रहे थे। बीडीओ व थानाध्यक्ष के प्रयास से जाम हटाया गया। थानाध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि मृतक के भाई युगेश चौधरी के बयान पर उत्पाद निरीक्षक एवं उनके छापामारी दल के खिलाफ भादसं की धारा 304, 34 के तहत कांड संख्या 210/09 दर्ज की गई है। ग्रामीणों का कहना था कि कुलदीप गांव में शराब नहीं बेचता है इसके बावजूद गुरुवार को उत्पाद निरीक्षक ने उसे गिरफ्तार कर जमकर पिटाई की। उत्पाद पुलिस की पिटाई से घायल कुलदीप की स्थिति जब बिगड़ने लगी तो उसे पुलिस ने गांव के पास शुक्रवार शाम सात बजे सड़क किनारे फेंक दिया। ग्रामीणों ने उसकी गंभीर स्थिति को देख इलाज के लिए मदनपुर अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार कुलदीप खिरियावां बाजार में पकौड़ी बेचता था। बीडीओ जयशंकर प्रसाद ने पारिवारिक लाभ योजना के तहत मृतक के परिजन को दस हजार एवं मुखिया किरण बाला ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत पन्द्रह सौ रुपए दिए है। पुलिस ने शव का अंत्य परीक्षण करा परिजनों को सौंप दिया है। उत्पाद अधीक्षक अरुण कुमार मिश्र का कहना है कि कुलदीप को शराब के साथ गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था और शुक्रवार को जुर्माना लगाकर उसे छोड़ दिया गया था। वह कैसे मरा इसकी जानकारी हमें नहीं है।

No comments:

Post a Comment