Wednesday, 6 January 2010

ग्रामीणों ने की विद्यालय में राशि घोटाला होने की शिकायत

औरंगाबाद/ओबरा बारुण प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय बरौली में बड़ा राशि घोटाला का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने डीएसई ओंकार प्रसाद सिंह से शिकायत की है। ग्रामीणों की माने तो विद्यालय में बेंच डेस्क खरीदगी के लिए सर्व शिक्षा अभियान से पचास हजार रुपया उपलब्ध कराया गया। प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने पैसे की निकासी एक वर्ष पहले की और आज तक बेंच डेस्क की खरीददारी नहीं हुई। इसी तरह विद्यालय में छात्रों को परिभ्रमण पर ले जाने के लिए रुपए उपलब्ध कराए गए जिसकी निकासी की गई परंतु विद्यालय के छात्र आज तक परिभ्रमण पर नहीं गए है। इसी तरह आलमीरा की खरीददारी के लिए जो रुपए उपलब्ध कराए गए उसकी निकासी भी विद्यालय प्रधानाध्यापक के द्वारा की गई है। इसके अलावा भी अन्य मदों से प्राप्त रुपए की निकासी की शिकायत ग्रामीणों ने की है। ग्रामीणों की माने तो विद्यालय के वरीय शिक्षक अरविंद प्रसाद सिंह को डीएसई ने 23 जून को प्रभार लेने के आदेश दिए और 25 जून को प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार ने 40 हजार रुपए की निकासी कर ली। पूछे जाने पर डीएसई ने बताया कि ग्रामीणों एवं वरीय शिक्षक ने शिकायत की है जिसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment