Saturday, 2 April 2011

बीआरसी केन्द्र में बिक रहा अग्निशमन यंत्र

बीआरसी भवन में अग्निशमन यंत्र बिक रहा है। अग्निशमन यंत्र खरीदने को शिक्षकों में होड़ मची है। वैशाली जिले के देशरी थाना के कथौलिया गांव निवासी राजकुमार द्वारा अग्निशमन यंत्र बेचा जा रहा है। किसके आदेश से बीआरसी भवन में दुकान खुला इसका जबाब अधिकारी नहीं दे पा रहे हैं। पूछने पर बीईओ बिमला मारिया लकड़ा ने बताया कि डीएसई के मौखिक आदेश पर बीआरसी केन्द्र में दुकान खोला गया है। डीएसई द्वारा 2 अप्रैल तक अग्निशमन यंत्र खरीदने का आदेश दिया गया था। बीईओ ने बताया कि शिक्षकों की सुविधा के लिए दुकान खोला गया है। वैसे दुकान को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। बीआरसी केन्द्र पर पहुंचे कई विद्यालयों के प्रधानाध्यापक ने साफ कहा कि मामला कमीशन का है। अधिकारी कमीशन के लिए बीआरसी केन्द्र में भी दुकान खुलवा दे रहे हैं। बताया जाता है कि जिन विद्यालयों में तीन कमरे हैं वहां अग्नि शमन यंत्र खरीदारी के लिए 5 हजार, तीन से अधिक कमरों के विद्यालयों में 10 हजार रुपए दिए गए हैं। बीआरसी केन्द्र पर अग्नि शमन यंत्र के लिए शिक्षकों से चेक लिया जा रहा था परंतु उन्हें सामान नहीं मिल रहा था। मध्य विद्यालय पड़रावां के प्रधानाध्यापक पुरुषोत्तम शर्मा, नवसृजित राजकीय प्राथमिक विद्यालय टिकवा के धीरेन्द्र पासवान, प्राथमिक विद्यालय पतेया के संजय कुमार, उर्दू मध्य विद्यालय पिरवां के मो. बदुद अहमद, सत्येन्द्र पासवान ने बताया कि कोडिनेटर कमलेश कुमार, दयानंद महतो, राजकुमार प्रसाद गुप्ता, संजय कुमार एवं धर्मेन्द्र ब्रह्ममचारी के मौखिक सूचना पर अग्निशमन यंत्र के लिए चेक जमा कर रहे हैं। शिक्षकों ने बताया कि अगर चेक ले कंपनी फरार हो गया तो शिक्षक वित्तीय अनियमितता में फंसेंगे। बताया जाता है कि शिक्षकों को और कई तरह की धमकी दी गई है। मदनपुर प्रखंड के 157 विद्यालयों में से 58 विद्यालय के शिक्षकों ने चेक जमा कर दिया है परंतु उन्हें अग्निशमन यंत्र नहीं मिला है। चर्चा है कि जिले में दो हजार से अधिक विद्यालय हैं जिसके लिए पांच एवं दस हजार रुपए की दर से करोड़ों रुपए के चेक काटे गए हैं। अधिकांश विद्यालयों में अब तक अग्निशमन यंत्र की खरीदारी नहीं की गई है। शिक्षकों का कहना है कि एक दुकान विशेष से अग्निशमन यंत्र खरीदने के लिए अधिकारियों का कहना कतई नियमानुकूल नहीं है। इस संबंध में डीएसई ओंकार प्रसाद सिंह का पक्ष जानने के लिए मोबाइल नंबर 8986203800, 9939722854, 9934389062 पर फोन किया परंतु स्वीच आफ रहने के कारण बात नहीं हो सकी।

No comments:

Post a Comment