अम्बा (औरंगाबाद), निज प्रतिनिधि :
पांच दिन पूर्व हुई बर्फबारी ने किसानों की कमर तोड़ दी है। किसानों के हौसले आसमान से गिरे बर्फ ने तोड़ दिए हैं। स्थिति यह है कि किसान खेतों में लगी सब्जी फसल देख कराह रहे हैं। फसल को भारी नुकसान हुआ है। प्रखंड के घेउरा, घेउरा बिगहा, परसावां, चिल्हकी, चिल्हकी बिगहा, तेलहारा समेत दर्जनों गांव के किसान सब्जी की खेती करते हैं। बर्फ गिरने के कारण खेतों में लगी सब्जी की फसल बर्बाद हो गई है। घेउरा के किसान हरिनारायण मेहता ने बताया कि लाखों का नुकसान हुआ है। सब्जी फसल के नुकसान की सूचना जिला कृषि पदाधिकारी शिलाजीत सिंह को दी गई है। चिल्हकी बिगहा के किसान सरयू महतो ने बताया कि बर्फ से पांच कट्ठा में लगा भिंडी, चार कट्ठा में पेपची, तीन कट्ठा में खीरा एवं कद्दू बर्बाद हो गया। सब्जी के खेतों से हरियाली गायब हो गई। बर्फ गिरने के बाद से फसल सूखने लगे हैं। हमें तीस से पचास हजार का नुकसान हुआ और इसी तरह अन्य किसानों को भी क्षति हुई है। किसान विजय मेहता, वीरेन्द्र मेहता, दुर्गा महतो, रामजनम मेहता एवं जगतर मेहता ने बताया कि कई एकड़ में सब्जी की फसल बर्फ गिरने से नष्ट हो गया। बीएओ कपिल प्रसाद छुट्टी पर हैं जिस कारण किसानों की परेशानी और बढ़ गई है। परेशान किसान प्रखंड का दौड़ लगा रहे हैं। पूछे जाने पर जिला कृषि पदाधिकारी शिलाजीत सिंह ने बताया कि फसल नुकसान की जानकारी विभाग को भेज दिया गया है। किसानों को सहायता दी जाएगी।

No comments:
Post a Comment