औरंगाबाद, गोह
बीडीओ आशुतोष कुमार एवं नगर थाना के प्रशिक्षु दरोगा उमेश कुमार सिंह की पिटाई मामले में अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। गोह में प्रदर्शन के दौरान बीडीओ पर एवं औरंगाबाद डिजनीलैंड मेले में दरोगा पर जानलेवा हमला हुआ था। घटना के बीस दिन गुजर गए इसके बावजूद एक भी अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। अपने साथ घटी घटना मामले में जब पुलिस इतनी सुस्त है तो आम कांडों की स्थिति क्या होगी सोचा जा सकता है। जानकार सूत्रों के अनुसार दोनों अधिकारियों ने वरीय पुलिस अधिकारियों से मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई है। वैसे भी गोह में बीडीओ की सरेआम पिटाई की गई। बीडीओ ने गोह थाना में प्रखंड राजद अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद, राजेश कुमार सिंह उर्फ मंटु सिंह, पूर्व मुखिया नंद लाल यादव, रामजी पासवान एवं मंटु पासवान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। नामजद प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अभियुक्तों की गिरफ्तारी अब तक नहीं की गई है। इसी तरह प्रशिक्षु दरोगा पर हमला मामले में एजेंट मुन्ना कुरैसी, जफर कुरैसी, इमरोज कुरैसी एवं सिकंदर हयात नामजद अभियुक्त बनें। परंतु उक्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। वैसे भी अभियुक्तों की गिरफ्तारी मामले में शहर की पुलिस सुस्त दिखती है। बताया जाता है कि सभी अभियुक्त शहर में घूम रहे है परंतु पुलिस उन्हे गिरफ्तार नहीं कर रही है। बीडीओ पिटाई मामले में दाउदनगर डीएसपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उधर दरोगा पिटाई मामले में एसडीपीओ संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
No comments:
Post a Comment