Friday, 14 January 2011

राशि को ले ग्रामीणों ने किया हंगामा

हसपुरा (औरंगाबाद), निज प्रतिनिधि : आपदा प्रबंधन के पैसे के लिए ग्रामीणों ने शुक्रवार को सीओ कार्यालय के समक्ष हंगामा किया। हंगामा कर रहे ग्रामीण राशि वितरण में धांधली का आरोप लगा रहे थे। सीओ कार्यालय के समक्ष हंगामा कर रहे ग्रामीण गणेश पासवान, नरेश सिंह, आमना खातून, सत्येन्द्र कुमार, द्वारिका पासवान, सोनामति देवी, तेतरी देवी, विकास कुमार ने कहा कि हम लोगों का नाम सूची में अंकित है परंतु पैसा नहीं दिया गया। पूछने पर सीओ ने कहा कि पैसा बांट दिया गया है। ऐसा ही शिकायत कई ग्रामीणों ने किया। प्रमुख लाल बाबु सिंह यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने सीओ श्रीकांत प्रसाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि उनके पैसे को दूसरे ने हस्ताक्षर कर हड़प लिया। प्रमुख ने कहा कि जब मैंने इस पूरे मामले की जांच की मांग की तो सीओ ने इंकार किया। प्रमुख ने बताया कि जैतपुर पंचायत में पैसा वितरण के लिए शिविर लगाया गया था। शिविर में पैसा लेने लाभुक पहुंचे तो उनके नाम पर पहले ही पैसा बांट दिया गया था। प्रमुख ने कहा कि सीओ पैसा वितरण में लापरवाही बरत रहे हैं जिस कारण जरूरतमंद ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि वितरण के पूर्व वितरण कमेटी गठन के लिए मैंने आग्रह किया था परंतु सीओ ने कमेटी गठन नहीं किया। सीओ ने उस दिन कमेटी का गठन किया जिस दिन मैं यहां नहीं था। प्रमुख एवं ग्रामीणों ने कहा कि मामले में डीएम से जांच कर कार्रवाई की मांग की जाएगी। उधर पूछे जाने पर सीओ श्रीकांत प्रसाद ने बताया कि शिकायत मिली है, जांच चल रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment